भारत सीमा से लगे नेपाल के बारा जिले में बुधवार को अचानक तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब Gen-Z युवाओं और पूर्व प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली की पार्टी सीपीएन-यूएमएल (UML) के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई। हालात बिगड़ते देख जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए सिमारा क्षेत्र में कर्फ्यू लागू कर दिया। प्रशासन के अनुसार, सिमारा एयरपोर्ट के 500 मीटर के दायरे में दोपहर 12:30 बजे से रात 8 बजे तक कर्फ्यू प्रभावी रहेगा, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या हिंसा को रोका जा सके।
झड़प की शुरुआत तब हुई जब बुद्ध एयर का एक विमान UML महासचिव शंकर पोखरेल और युवा नेता महेश बसनेत को लेकर काठमांडू से सिमारा आने वाला था। ये दोनों नेता एक सरकार विरोधी रैली को संबोधित करने वाले थे। जैसे ही उनकी आगमन की खबर फैली, बड़ी संख्या में Gen-Z प्रदर्शनकारी एयरपोर्ट पर एकत्र हो गए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और UML समर्थकों के बीच तीखी बहस और मारपीट की नौबत आ गई।
बढ़ते तनाव को देखते हुए बुद्ध एयर ने काठमांडू-सिमारा मार्ग की सभी घरेलू उड़ानें रद्द कर दीं। हालात बिगड़ने के कारण दोनों UML नेता भी वापस लौट गए। Gen-Z, यानी 1997 से 2012 के बीच जन्मी युवा पीढ़ी, हाल के वर्षों में नेपाल में राजनीतिक व्यवस्था और नेतृत्व से खासा असंतोष जताती रही है। इंटरनेट और सोशल मीडिया की समझ रखने वाली यह पीढ़ी सुधारों और पारदर्शिता की मांग के साथ निरंतर विरोध प्रदर्शनों में सक्रिय है।
दूसरी ओर, UML नेपाल की प्रमुख वामपंथी पार्टियों में से एक है, जिसने लंबे समय तक देश की सत्ता और नीति-निर्माण में अहम भूमिका निभाई है। लेकिन हाल के समय में युवा वर्ग में इस पार्टी के प्रति नाराजगी बढ़ी है, जिसके चलते बार-बार तनाव की स्थिति बनती रही है।
वर्तमान परिस्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए बारा जिले के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने हालात पर करीबी नजर रखते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
Correspondent – Shanwaz Khan



