डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के करीब आते ही सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने सोमवार को महागठबंधन और राजद पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष को पता है कि वह सत्ता में नहीं आने वाला, इसलिए जनता को भ्रमित करने के लिए झूठे वादे किए जा रहे हैं।
चिराग पासवान ने कहा कि विपक्षी दल बिना सोच-विचार के अव्यवहारिक घोषणाएं कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि “हर परिवार को सरकारी नौकरी” देने का वादा आर्थिक रूप से संभव ही नहीं है। चिराग ने कहा, “बिहार का बजट करीब तीन लाख करोड़ रुपये है, जबकि इतनी नौकरियों के लिए सात से नौ लाख करोड़ रुपये की जरूरत पड़ेगी। यह पैसा कहां से आएगा?”
उन्होंने महागठबंधन पर एनडीए की योजनाओं की नकल करने का आरोप लगाया। चिराग ने कहा कि एनडीए सरकार की ‘जीविका दीदी’ जैसी योजनाओं ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है, लेकिन विपक्ष उन्हीं योजनाओं को नए नाम से पेश कर जनता को गुमराह कर रहा है।
आरजेडी पर निशाना साधते हुए चिराग ने कहा कि “यादव का मतलब आज सिर्फ लालू परिवार रह गया है, जबकि मुसलमानों को वे केवल वोट बैंक की तरह देखते हैं। लालू यादव ने कभी मुसलमानों को अपने परिवार का हिस्सा नहीं माना।”
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान आरजेडी समर्थक हिंसा फैला रहे हैं और मदौरा में उनके समर्थक उम्मीदवार पर हमला किया गया है।
छठ पूजा पर चिराग ने कहा, “छठी मैया ने बिना मांगे बहुत कुछ दिया है। मेरी कामना है कि हर परिवार में खुशियां और समृद्धि आए।” उन्होंने कहा कि जैसे छठ पर्व आस्था का महापर्व है, वैसे ही चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है — “हम पूरे जोश से प्रचार में हैं और बिहार के लिए सुखद परिणाम की उम्मीद है।”



