डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में अब प्रचार अभियान ने जोर पकड़ लिया है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज बुधवार (29 अक्टूबर) से अपने चुनावी दौरे की शुरुआत करेंगे। वह महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव के साथ दो संयुक्त जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता राजेश राठौड़ ने बताया कि राहुल गांधी का यह विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पहला बिहार दौरा है। वे आज मुजफ्फरपुर के सकरा विधानसभा क्षेत्र और दरभंगा में महागठबंधन समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में रैलियां करेंगे। सकरा सीट से महागठबंधन के उम्मीदवार उमेश राम चुनाव मैदान में हैं।
राठौड़ ने कहा कि यह राहुल गांधी की पहली बड़ी संयुक्त जनसभा होगी, जिसमें वे तेजस्वी यादव के साथ मंच साझा करेंगे और जनता के सामने महागठबंधन की नीतियों और मुद्दों को रखेंगे। इससे पहले राहुल गांधी ने 16 दिनों तक बिहार के विभिन्न जिलों में 1300 किलोमीटर की यात्रा कर जनसंवाद किया था।
महागठबंधन की रणनीति के तहत राहुल गांधी की रैलियों को चुनावी प्रचार में निर्णायक मोड़ माना जा रहा है। कांग्रेस और राजद दोनों ही दल मिलकर ग्रामीण और युवा मतदाताओं पर फोकस कर रहे हैं।
गौरतलब है कि 243 सीटों वाली बिहार विधानसभा के चुनाव दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होंगे, जबकि 14 नवंबर को मतगणना होगी। इस बार कांग्रेस 61 सीटों, जबकि राजद 143 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। बाकी सीटें वामदलों और अन्य सहयोगियों के बीच बांटी गई हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राहुल और तेजस्वी की संयुक्त रैली से महागठबंधन के अभियान को नई गति मिल सकती है, खासकर उत्तर बिहार के इलाकों में जहां दोनों दलों का प्रभावी जनाधार माना जाता है।



