बिहार विधानसभा चुनाव के बीच राजनीतिक बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने हाल ही में कहा था कि अगर उनकी सरकार बनी तो वह वक्फ कानून को कूड़ेदान में फेंक देंगे। उनके इस बयान ने सियासी माहौल को गरमा दिया है। अब इस पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
रिजिजू ने कहा कि तेजस्वी यादव का यह बयान न केवल संविधान की समझ की कमी को दिखाता है, बल्कि यह भी बताता है कि वे सिर्फ सत्ता पाने के लिए कुछ भी बोलने को तैयार हैं। उन्होंने कहा, “यह तो आश्चर्य की बात है कि जो खुद को मुख्यमंत्री पद का दावेदार बताते हैं, उन्हें यह तक नहीं पता कि संसद में पारित हुआ कोई भी कानून किसी राज्य सरकार द्वारा रद्द नहीं किया जा सकता। यह सिर्फ संसद के अधिकार क्षेत्र में आता है।”
रिजिजू ने तेजस्वी के बयान पर तंज कसते हुए कहा, “बिहार और देश के लोग देख रहे हैं और हंस रहे हैं। यह कैसी भाषा है? मेरी राय में तेजस्वी को संविधान का ज्ञान नहीं है। वे पद पाने की इतनी लालसा में हैं कि किसी भी मुद्दे पर कुछ भी कह देते हैं। मुस्लिम वोटों को लुभाने के लिए वे ऐसा बयान दे रहे हैं, जो न केवल भ्रामक है बल्कि संवैधानिक रूप से भी गलत है।”
छठ पर्व पर शुभकामनाएं दीं
बयानबाज़ी के बीच किरेन रिजिजू ने लोकआस्था के पर्व छठ पूजा पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “छठ पूजा विश्व की भलाई और सूर्य देवता के प्रति आस्था का प्रतीक है। यह पर्व समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में बांधता है। मैं सभी देशवासियों को इस पावन अवसर पर शुभकामनाएं देता हूं।”
चारा घोटाले पर कांग्रेस पर हमला
सीबीआई के पूर्व अधिकारी उपेंद्र नाथ बिस्वास के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए रिजिजू ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के शासनकाल में व्यवस्था नाम की कोई चीज़ नहीं थी। वे सिर्फ एक परिवार की सेवा में लगे थे। सीबीआई और अदालतें तक उनके प्रभाव में काम करती थीं। आज जो खुलासे हो रहे हैं, वे यह साबित करते हैं कि कैसे कांग्रेस ने राज्य सरकारों पर दबाव बनाकर राजनीतिक स्वार्थ पूरे किए।”
RJD और कांग्रेस पर निशाना
किरन रिजिजू ने आगे कहा कि कांग्रेस और राजद ने दशकों तक मुसलमानों को गुमराह कर सत्ता पाई, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं। “देश के मुसलमान अब सच्चाई समझ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तरक्की कर रहा है, और सभी समुदायों की सुरक्षा और विकास सरकार की प्राथमिकता है।”
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव जैसे नेता समाज को बांटने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन बिहार की जनता अब ऐसे बयानों पर भरोसा नहीं करेगी। “देश अब विकास और स्थिरता की राजनीति चाहता है, न कि उकसावे और भ्रम की,” रिजिजू ने कहा।



