बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर जनशक्ति जनता दल के प्रमुख और महुआ सीट से उम्मीदवार तेज प्रताप यादव ने सोमवार (10 नवंबर) को बड़ा बयान दिया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी 10 से 15 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा, “14 नवंबर को सब कुछ साफ हो जाएगा, नतीजे आने पर सबको पता चल जाएगा।”
जब तेज प्रताप यादव से पूछा गया कि राज्य में अगली सरकार किसकी बनेगी, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “देखते हैं क्या होता है।” मुख्यमंत्री आवास से अधिकारियों को धमकाने के आरोप पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। वहीं उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उम्र को लेकर सुप्रीम कोर्ट में दाखिल याचिका पर उन्होंने कहा, “अगर उम्र गलत है तो वो सुधार लें, इसमें क्या दिक्कत है।”
इसी बीच, तेज प्रताप के छोटे भाई और राजद नेता तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान के बाद एनडीए में गमगीन माहौल है और हार के डर से गृह मंत्री अधिकारियों पर दबाव बना रहे हैं। तेजस्वी के अनुसार, मुख्यमंत्री आवास से बिना मुख्यमंत्री की जानकारी के कुछ भ्रष्ट अधिकारी विपक्षी कार्यकर्ताओं को धमकाने और मजबूत बूथों पर गड़बड़ी फैलाने के निर्देश दे रहे हैं।
तेजस्वी ने यह भी दावा किया कि कुछ अधिकारी इन फोन कॉल्स के स्क्रीनशॉट तक साझा कर रहे हैं, जिससे यह साबित होता है कि प्रशासनिक तंत्र पर राजनीतिक दबाव बढ़ गया है। उन्होंने कहा, “बदलाव निश्चित है, बिहार की जनता इस बार सबक सिखाएगी।”



