भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा के आईपीएल में हुए ट्रेड ने क्रिकेट जगत को चौंका दिया है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की पहचान माने जाने वाले जडेजा अब राजस्थान रॉयल्स (RR) का हिस्सा बन गए हैं। ये डील इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास के सबसे बड़े ट्रेड्स में गिनी जा रही है। इस ट्रेड में संजू सैमसन को 18 करोड़ रुपये में चेन्नई भेजा गया है, जबकि रविंद्र जडेजा और सैम करन को राजस्थान ने अपनी टीम में शामिल किया है।
हैरानी की बात यह है कि जडेजा की मौजूदा फीस 18 करोड़ रुपये से घटकर 14 करोड़ रुपये कर दी गई है। यानी उन्होंने 4 करोड़ रुपये कम लेकर भी चेन्नई को छोड़ा है। इस फैसले ने फैंस और जानकारों दोनों को हैरत में डाल दिया। इस पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब शो में अहम प्रतिक्रिया दी है।
आकाश चोपड़ा ने कहा, “किसी खिलाड़ी की सहमति के बिना उसकी फीस में बदलाव संभव नहीं है। इसका अर्थ है कि जडेजा ने स्वेच्छा से अपनी कीमत घटाई है। सवाल यह है कि उन्होंने ऐसा क्यों किया? क्या वे चेन्नई के माहौल से असंतुष्ट थे या कुछ नया आज़माना चाहते थे?”
उन्होंने आगे कहा कि जडेजा लंबे समय से CSK के लिए मैच-विनिंग प्रदर्शन करते आ रहे थे और टीम की सफलता में उनका योगदान अमूल्य रहा है। इसलिए यह समझ से परे है कि ऐसा खिलाड़ी अपनी फीस कम करवाकर टीम क्यों छोड़ेगा।
आकाश ने यह भी संभावना जताई कि हो सकता है राजस्थान रॉयल्स ने जडेजा को कप्तानी की जिम्मेदारी देने का प्रस्ताव रखा हो। उन्होंने कहा, “मालूम होता है कि कहीं न कहीं जडेजा को नेतृत्व का लालच दिया गया होगा। यह वही अतिरिक्त प्रेरणा हो सकती है, जिसके चलते उन्होंने राजस्थान का ऑफर स्वीकार किया।”
फिलहाल राजस्थान रॉयल्स या चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से इस ट्रेड के रणनीतिक पहलुओं पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। लेकिन इतना तय है कि रवींद्र जडेजा जैसे दिग्गज की टीम बदलना आईपीएल 2026 सीज़न को और रोमांचक बना देगा।
Correspondent – Shanwaz Khan



