Homeटॉप स्टोरीसऊदी अरब में बस-टैंकर की भीषण टक्कर, 40 से ज्यादा भारतीय उमराह...

सऊदी अरब में बस-टैंकर की भीषण टक्कर, 40 से ज्यादा भारतीय उमराह यात्रियों की मौत की आशंका; कई हैदराबाद के निवासी

9 / 100 SEO Score

सऊदी अरब में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हड़कंप मचा दिया है। मक्का से मदीना जा रही एक बस के तेल के टैंकर से टकराने के बाद आग लग गई, जिसमें 40 से अधिक भारतीय उमराह तीर्थयात्रियों की मौत की आशंका जताई जा रही है। यह हादसा रविवार देर रात स्थानीय समयानुसार करीब 1:30 बजे मदीना से लगभग 160 किलोमीटर दूर मुफरिआत इलाके में हुआ।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, बस में सवार यात्री मक्का से उमराह की यात्रा पूरी कर मदीना जा रहे थे, तभी रास्ते में डीजल टैंकर से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस आग की लपटों में समा गई। हादसे के वक्त अधिकांश यात्री सो रहे थे, जिससे उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। आग तेजी से फैलने के कारण कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ गंभीर रूप से झुलस गए। प्रारंभिक रिपोर्टों में 42 लोगों के मारे जाने की खबर है, जिनमें बड़ी संख्या में हैदराबाद और तेलंगाना के लोग शामिल बताए जा रहे हैं।

तेलंगाना सरकार ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव और डीजीपी को मृतकों एवं घायलों की पूरी जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को यह भी कहा गया है कि विदेश मंत्रालय और सऊदी दूतावास से सीधा संपर्क कर राज्य के प्रभावित लोगों की पहचान कराई जाए। इसके साथ ही सचिवालय में एक कंट्रोल रूम स्थापित करने का निर्देश दिया गया है, जिससे पीड़ित परिजनों को सहायता और जानकारी दी जा सके।

जेद्दाह स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने भी हादसे की पुष्टि की है। दूतावास ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। पीड़ित परिवार इस हेल्पलाइन नंबर 8002440003 पर संपर्क कर सकते हैं। दूतावास के अधिकारी स्थानीय प्रशासन और अस्पतालों के संपर्क में हैं ताकि मृतकों और घायलों की पहचान शीघ्र पूरी की जा सके।

हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने ट्वीट कर हादसे पर दुख जताया और जानकारी साझा की कि उन्होंने हैदराबाद की दो ट्रैवल एजेंसियों व रियाद स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क किया है। उन्होंने बताया कि दूतावास के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन अबु मैथ्यू जॉर्ज ने उन्हें आश्वस्त किया है कि राहत और पहचान की प्रक्रिया तेज़ी से जारी है।

Correspondent – Shanwaz Khan

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments