उत्तर भारत में मौसम ने करवट ले ली है और आज से भयंकर सर्दी की शुरुआत मानी जा रही है। पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी हिस्सों में भी तेजी से दिख रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में शीतलहर की चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं दक्षिण भारत के कई राज्य अभी भी भारी बारिश और तूफान की स्थिति से जूझ रहे हैं।
दिल्ली-एनसीआर में पड़ रही कड़ाके की ठंड
दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार से शीतलहर का असर तेज होने की संभावना है। सुबह और शाम के समय ठंडी हवाएँ लोगों को कंपा सकती हैं। IMD के अनुसार राजधानी में अधिकतम तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक गिर सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ों में जारी बर्फबारी से आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी।
यूपी में हल्के कोहरे और शीतलहर की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में भी मंगलवार से ठंड का असर बढ़ने की आशंका है। कानपुर, लखनऊ, इटावा, बाराबंकी, प्रयागराज समेत कई जिलों में सुबह तेज हवा चलने का पूर्वानुमान है। लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार पूर्वी और पश्चिमी यूपी में सुबह हल्का कोहरा छाया रह सकता है। हालांकि दोपहर होते-होते मौसम सामान्य होने लगेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, पीलीभीत, आजमगढ़, रामपुर, मेरठ, आगरा, फिरोजाबाद, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर सहित कई जिलों में सुबह 1 से 3 घंटे तक हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छा सकता है।
बिहार में तापमान तेजी से गिरेगा
यूपी से सटे बिहार के कई जिलों में भी मंगलवार से तापमान गिरने के आसार हैं। पटना, गया, सिवान, भोजपुर, मधुबनी, पूर्णिया और सीमांचल के जिलों में शीतलहर का असर दिखाई देगा। विभाग ने लोगों से सुबह-सुबह बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।
पहाड़ों में भारी बर्फबारी का दौर जारी
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में ठंडी हवा के साथ भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है। IMD के अनुसार 18 नवंबर से तापमान में 4–5 डिग्री की भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क बंद होने और विजिबिलिटी कम होने का भी खतरा है।
दक्षिण भारत में बारिश से हालात बदतर
तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और केरल में भारी बारिश का दौर जारी है। चेन्नई समेत कई जिलों में स्कूलों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।
यह बदलाव देशभर में मौसम की तीव्रता को दर्शाता है। लोगों से अपील है कि आवश्यक सावधानियाँ अपनाएँ और मौसम विभाग के निर्देशों का पालन करें।
Correspondent – Shanwaz Khan



