Homeवीडियोचुनाव कवरेजनीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा, 20 नवंबर को 10वीं...

नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा, 20 नवंबर को 10वीं बार लेंगे शपथ

9 / 100 SEO Score

बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़े बदलाव के संकेत मिले हैं। बुधवार, 19 नवंबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने राजभवन जाकर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात की और उन्हें अपना त्यागपत्र सौंप दिया। इसके साथ ही उन्होंने एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) के विधायकों के समर्थन पत्र भी राज्यपाल को सौंपे और नई सरकार बनाने का दावा पेश किया।

नीतीश कुमार को एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया है। इस बैठक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से सम्राट चौधरी ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। वहीं, भाजपा विधायक दल ने सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को उपमुख्यमंत्री बनाए रखने का निर्णय लिया है। सम्राट चौधरी को बीजेपी विधायक दल का नेता और विजय सिन्हा को उपनेता चुना गया है। सूत्रों के अनुसार, बिहार विधानसभा के स्पीकर का पद भी भाजपा को मिलने की संभावना है।

इससे पहले जनता दल (यूनाइटेड) की विधायक दल की बैठक मुख्यमंत्री आवास में हुई, जिसमें नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से नेता चुना गया। इसके बाद एनडीए की बैठक में उन्हें गठबंधन का नेता घोषित किया गया। अब वह 20 नवंबर, गुरुवार को पटना के गांधी मैदान में एक भव्य समारोह में 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। नीतीश कुमार ने मंगलवार को स्वयं गांधी मैदान पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण भी किया था।

हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को स्पष्ट बहुमत मिला है। गठबंधन ने कुल 202 सीटें जीतीं, जिनमें से भाजपा को 89 सीटें और जनता दल (यू) को 85 सीटें मिलीं। इसके अलावा चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 19 सीटें, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को 5 और आरएलएम को 4 सीटों पर सफलता प्राप्त हुई। दूसरी ओर, महागठबंधन केवल 35 सीटों पर सिमट गया।

इस पूरे घटनाक्रम से यह साफ है कि नीतीश कुमार एक बार फिर बिहार की सत्ता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रहे हैं। वे अब तक नौ बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं और शपथ लेने के बाद यह उनका दसवां कार्यकाल होगा।

Correspondent – Shanwaz Khan

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments