बॉलीवुड के महान अभिनेता और दर्शकों के चहेते धर्मेंद्र का निधन हो गया है। 89 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। लंबे समय से बीमार चल रहे धर्मेंद्र का पहले ब्रीच कैंडी अस्पताल में उपचार चल रहा था, जहां से कुछ दिनों पहले उन्हें घर शिफ्ट किया गया था। आज मुंबई के विले पार्ले श्मशान घाट में पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके बड़े बेटे सनी देओल ने नम आंखों से अपने पिता को मुखाग्नि दी।
अंतिम संस्कार के समय देओल परिवार पूरी तरह गम में डूबा नजर आया। सनी देओल अपने पिता के पार्थिव शरीर के पास लगातार मौजूद रहे और परिवार की व्यवस्था देखते रहे। इस मौके पर धर्मेंद्र की बेटी ईशा देओल भी पहुंचीं। वह बेहद भावुक दिखीं और अपने चेहरे को दुपट्टे से ढके हुए थीं। उनकी कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। कुछ समय पहले जब धर्मेंद्र के निधन की अफवाहें फैली थीं, तब ईशा ने सोशल मीडिया पर इसे खारिज करते हुए नाराजगी जताई थी।
धर्मेंद्र की पत्नी और दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी भी अंतिम संस्कार में पहुंचीं। उन्हें सफेद कपड़ों में बेहद दुखी अवस्था में देखा गया। हेमा मालिनी को देखकर उनके प्रशंसक भी भावुक हो उठे। परिवार के अन्य सभी सदस्य और करीबी रिश्तेदार इस दुखद मौके पर मौजूद रहे।

बॉलीवुड जगत से भी कई मशहूर हस्तियाँ धर्मेंद्र को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए श्मशान घाट पहुंचीं। आमिर खान, अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन समेत कई सितारों ने दिवंगत अभिनेता के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं और उन्हें अंतिम विदाई दी। सभी ने धर्मेंद्र के साथ बिताए पलों को याद किया और कहा कि उनका जाना इंडस्ट्री के लिए अपूरणीय क्षति है।
धर्मेंद्र ने अपने लंबे फिल्मी करियर में ‘शोले’, ‘सीता और गीता’, ‘यादों की बारात’, ‘धरम वीर’ जैसी अनगिनत हिट फिल्में दीं। उनकी सरलता, सादगी और मजबूत स्क्रीन प्रेज़ेंस ने उन्हें हिंदी सिनेमा का ‘ही-मैन’ बनाया। आज उनका जाना न केवल फिल्म इंडस्ट्री बल्कि पूरे देश के लिए एक बड़ा नुकसान है।
धर्मेंद्र की यादें हमेशा उनके प्रशंसकों और परिवार के दिलों में जिंदा रहेंगी। उनकी फिल्मों और योगदान को आने वाली पीढ़ियाँ लंबे समय तक याद रखेंगी।
Correspondent – Shanwaz khan



