उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को शोक में डूबो दिया। घटना ढखेरवा-गिरजापुरी हाईवे की है, जहां एक तेज रफ्तार अल्टो कार अनियंत्रित होकर शारदा नहर में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी युवक एक ही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं और वे एक शादी में डीजे पार्टी करने के बाद लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार, हादसा देर रात तब हुआ जब घना अंधेरा और तेज रफ्तार के बीच चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया। कार सड़क से फिसलते हुए सीधे नहर में जा समाई। नहर में पानी का बहाव तेज था, जिसकी वजह से कार कुछ ही पलों में पानी में पूरी तरह डूब गई। अंदर बैठे लोग बाहर निकलने का प्रयास भी नहीं कर सके और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पडुआ थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से क्रेन बुलाकर घंटों की मशक्कत के बाद कार को बाहर निकाला गया। कार पूरी तरह पानी में दब चुकी थी। जब दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर से पांचों युवकों के शव बरामद हुए। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि कार सवार सभी युवक आसपास के ही गांव के रहने वाले थे और वे एक शादी समारोह से लौट रहे थे।
गंभीर रूप से घायल चालक को स्थानीय लोगों की मदद से सीएचसी रमियाबेहड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसके सिर और छाती में गहरी चोटें हैं। उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे से पूरे इलाके में मातम फैल गया है। गांव में हर घर से रोने की आवाजें गूंज रही हैं। मृत युवकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और स्पीड लिमिट कड़ाई से लागू करने की मांग की है ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की मुख्य वजह लग रही है।
Correspondent – Shanwaz khan



