मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में तीन नए विभाग बनाने का महत्वपूर्ण फैसला लिया है। ये विभाग हैं – युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, उच्च शिक्षा विभाग एवं नागर विमानन विभाग। इनके गठन से राज्य के युवाओं को रोजगार पाने में बड़ी सहायता मिलेगी। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार (05 दिसंबर, 2025) को इस बाबत जानकारी दी और बताया कि सरकार का मुख्य लक्ष्य अगले पांच वर्षों (2025-30) में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार प्रदान करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “हम लोगों ने अगले 5 वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए जरूरी है कि राज्य में ज्यादा से ज्यादा युवाओं को कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण दिया जाए और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च एवं तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही लक्ष्य की उपलब्धि के लिए सघन अनुश्रवण भी किया जाए।”
उच्च शिक्षा विभाग के निर्माण का उद्देश्य राज्य में शिक्षा के स्तर को सुधारना, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देना तथा तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा के विकास की दिशा में काम करना है ताकि सभी वर्गों के युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा मिल सके।
नागर विमानन विभाग के गठन से राज्य में नए हवाई अड्डों का निर्माण तेजी से होगा। यह विभाग उड़ान योजना के अंतर्गत प्रस्तावित नए हवाई अड्डों के कार्यान्वयन को सुचारु करेगा, जिससे औद्योगिक विकास को गति मिलेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही, राज्य के उत्पादों के निर्यात को भी इससे मजबूती मिलेगी।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री नीतीश ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए एक नया निदेशालय और बिहार विपणन प्रोत्साहन निगम स्थापित करने के निर्णय की भी घोषणा की। यह कदम कृषि, पशुपालन, बागवानी, खाद्य प्रसंस्करण, हस्तशिल्प, ग्रामीण उद्योग और कुटीर उद्योग जैसे क्षेत्रों में युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करेगा।
प्रत्येक जिले में मेगा स्किल सेंटर की स्थापना की जाएगी, जो युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान करेगा और उन्हें राज्य में उपलब्ध रोजगार के अवसरों के लिए तैयार करेगा।
मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि राज्य सरकार अधिक से अधिक सरकारी नौकरी एवं रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध है और युवाओं के सुखद भविष्य के लिए निरंतर काम कर रही है।
यह नए विभाग और योजनाएं बिहार के युवाओं के लिए न केवल रोजगार प्राप्ति का मार्ग खोलेंगी, बल्कि राज्य के सामरिक विकास और आर्थिक समृद्धि में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
Correspondent – Shanwaz khan



