भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो का संचालन शनिवार को भी सामान्य नहीं हो सका. पिछले चार दिनों में 2,000 से अधिक उड़ानें रद्द हुई हैं, जिससे लगभग तीन लाख यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हुई हैं. दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई जैसे बड़े एयरपोर्ट्स पर यात्री रातभर अपनी उड़ानों का इंतजार करते रहे.
इसी बीच, यात्री सुप्रीत सिंह द्वारा पोस्ट किया गया एक इंस्टाग्राम वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. वीडियो में दिखाया गया है कि यात्री घंटों तक विमान में बैठे हैं, लेकिन उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी या सुविधा नहीं मिल रही है. सुप्रीत बताते हैं कि वे और अन्य यात्री 2.5 घंटे से विमान में फंसे हुए थे, लेकिन क्रू की ओर से कोई ठोस अपडेट नहीं मिला.
बोर्डिंग सुबह 11:30 बजे शुरू हुई, जबकि उड़ान का निर्धारित समय शाम 5:30 बजे का था. दोपहर 2:04 बजे तक विमान रनवे पर खड़ा था और कप्तान अभी तक विमान में नहीं पहुंचे थे. खाने-पीने की व्यवस्था भी बेहद सीमित थी. यात्रियों के बार-बार अनुरोध करने पर उन्हें सिर्फ एक कप नूडल्स दिया गया, जो सभी यात्रियों के लिए बेहद कम था. कई यात्री भूखे और परेशान दिखाई दे रहे थे.
लंबे इंतजार और अनिश्चितता के कारण विमान के अंदर तनाव बढ़ गया. कुछ यात्री आपस में बहस करते नजर आए, जबकि छोटे बच्चों वाले परिवारों को लंबी कतारों में खड़े रहने में दिक्कत हुई. कई यात्री फ्लाइट से उतरने की अनुमति मांग रहे थे.
वीडियो के अंत में सुप्रीत यात्रियों को सलाह देते हैं कि वे अगले पांच दिनों तक इंडिगो से यात्रा करने से बचें, क्योंकि हालात अभी भी अस्थिर हैं. वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं. कई यूजर्स ने बताया कि उनकी उड़ानों में भी देरी हो रही है, जबकि कुछ ने एयरलाइन से सभी उड़ानें अस्थायी रूप से रोककर सिस्टम ठीक करने की मांग की है.
यह घटनाक्रम यात्रियों की सुरक्षा और एयरलाइन की सेवा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है.
Correspondent – Shanwaz khan



