बीजेपी ने बांकीपुर से विधायक नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त कर बड़ा फैसला लिया है। यह खबर बिहार राजनीति में चर्चा का केंद्र बनी हुई है। सोमवार (15 दिसंबर 2025) को एबीपी नेटवर्क के कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने इस पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे गठबंधन के लिए शुभ बताया और नितिन को बधाई दी। चिराग ने कहा, “बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से गठबंधन में और एकता आएगी और मजबूती आएगी।”
चिराग ने उत्साह से कहा, “इससे बेहतर खुशखबरी बिहारियों के लिए नहीं हो सकती। पहली बार कोई बिहार से बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेगा। नितिन नबीन जी को अपनी तरफ से और अपनी पार्टी की ओर से बधाई देता हूं।” उन्होंने बिहार के विकास पर जोर देते हुए कहा, “जिस तरह बिहार आगे बढ़ रहा है, एक युवा साथी का दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना शुभ संकेत है। देश ‘युवा सोच, युवा जोश’ के साथ आगे बढ़ने को तैयार है।”
व्यक्तिगत रिश्तों पर चिराग का खुलासा
चिराग ने नितिन नबीन से पुराने संबंधों का जिक्र किया। “मैं उन्हें काफी सालों से जानता हूं। मेरे भाई और मित्र रहे हैं। व्यक्तिगत तौर पर बहुत खुश हूं।” राजनीतिक मतभेदों पर उन्होंने स्पष्ट कहा, “मेरे सबके साथ व्यक्तिगत रिश्ते ठीक हैं। राजनीति अलग रखता हूं, रिश्तों को हमेशा सम्मान देता हूं। इनके साथ तो पुराने संबंध हैं।” यह बयान NDA गठबंधन की मजबूती को दर्शाता है।
नितिन नबीन ने की पूजा, पिता को श्रद्धांजलि
इधर, नितिन नबीन ने नियुक्ति पर धार्मिक आयोजन किए। सोमवार सुबह वे पटना के महावीर मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। इसके बाद राजवंशी नगर के नवीन सिन्हा पार्क में पिता एवं दिवंगत BJP नेता स्व. नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, दीघा विधायक संजीव चौरसिया सहित वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बधाइयों का सिलसिला जारी है।
यह नियुक्ति बिहार BJP को नई ऊर्जा देगी और गठबंधन को मजबूत करेगी। राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है।
Correspondent – Shanwaz khan



