दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में एलन मस्क ने एक बार फिर नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। स्पेसएक्स, टेस्ला और स्टारलिंक के मालिक एलन मस्क इतिहास के पहले ऐसे व्यक्ति बन गए हैं, जिनकी कुल संपत्ति 600 अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर गई है। फोर्ब्स के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 15 दिसंबर तक मस्क की नेटवर्थ करीब 677 अरब डॉलर (लगभग 61.47 लाख करोड़ रुपये) आंकी गई है। इससे पहले दुनिया में कोई भी व्यक्ति इतनी अधिक संपत्ति तक नहीं पहुंच पाया था।
मस्क की दौलत में आई इस जबरदस्त बढ़ोतरी की सबसे बड़ी वजह उनकी प्राइवेट स्पेस कंपनी स्पेसएक्स की वैल्यूएशन में हुआ बड़ा उछाल है। हाल ही में हुए टेंडर ऑफर के बाद स्पेसएक्स की कीमत करीब 800 अरब डॉलर तक पहुंच गई, जबकि अगस्त में इसका मूल्यांकन लगभग 400 अरब डॉलर था। यानी कुछ ही महीनों में कंपनी की वैल्यू दोगुनी हो गई। स्पेसएक्स में एलन मस्क की हिस्सेदारी करीब 42 फीसदी है, जिसके चलते उनकी संपत्ति में करीब 168 अरब डॉलर की सीधी बढ़ोतरी दर्ज की गई।
इस रिकॉर्डतोड़ नेटवर्थ के साथ एलन मस्क अब दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति लैरी पेज से करीब 400 अरब डॉलर, यानी लगभग 36.32 लाख करोड़ रुपये आगे निकल चुके हैं। यह अंतर अपने आप में बताता है कि मस्क फिलहाल दौलत के मामले में किस स्तर पर पहुंच चुके हैं।
गौरतलब है कि अक्टूबर 2025 में एलन मस्क 500 अरब डॉलर की संपत्ति का आंकड़ा पार करने वाले पहले व्यक्ति बने थे। इसके बाद महज दो महीनों के भीतर उनकी संपत्ति में 100 अरब डॉलर से ज्यादा का इजाफा हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में मस्क की दौलत और तेजी से बढ़ सकती है, खासकर तब जब स्पेसएक्स 2026 में अपना आईपीओ लाने की तैयारी कर रही है। अनुमान है कि आईपीओ के समय कंपनी की वैल्यूएशन 1.5 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकती है, जिसका सीधा फायदा मस्क की नेटवर्थ को मिलेगा।
एलन मस्क की कुल संपत्ति में टेस्ला का योगदान भी काफी अहम है। मस्क के पास टेस्ला में करीब 12 फीसदी हिस्सेदारी है, जिसकी मौजूदा कीमत लगभग 197 अरब डॉलर बताई जा रही है। इस साल टेस्ला के शेयरों में करीब 13 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है, भले ही कंपनी की बिक्री में कुछ गिरावट देखी गई हो। हाल ही में टेस्ला के शेयरों में करीब 4 फीसदी की तेजी तब आई, जब मस्क ने बिना सेफ्टी मॉनिटर वाली रोबोटैक्सी टेस्टिंग की जानकारी दी।
इसके अलावा, नवंबर में टेस्ला के शेयरधारकों ने एलन मस्क के लिए 1 ट्रिलियन डॉलर के ऐतिहासिक पे पैकेज को मंजूरी दी थी। इसे अब तक का सबसे बड़ा कॉर्पोरेट पे पैकेज माना जा रहा है, जिसका मकसद कंपनी को एआई और रोबोटिक्स के क्षेत्र में वैश्विक लीडर बनाना है।
मस्क की कमाई के अन्य स्रोतों में उनकी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी xAI भी शामिल है, जो 15 अरब डॉलर की नई फंडिंग जुटाने की बातचीत कर रही है। इस डील के बाद xAI की वैल्यूएशन 230 अरब डॉलर तक पहुंच सकती है। कुल मिलाकर, एलन मस्क की बढ़ती संपत्ति उनकी कंपनियों की ऊंची वैल्यूएशन और भविष्य की बड़ी योजनाओं का नतीजा है, जिसने उन्हें दुनिया का सबसे अमीर व्यक्ति बना दिया है।
Correspondent – Shanwaz khan



