उत्तर प्रदेश की सियासत में कोडीन सिरप मामले पर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर आरोप लगाने के साथ शेर-ओ-शायरी के जरिए भी तंज कसा है।
विधानमंडल सत्र से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने बिना नाम लिए अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “यही कसूर मैं बार-बार करता रहा और आईना साफ करता रहा।” सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने कोडीन प्रकरण में सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कई गिरफ्तारियां की हैं और जांच जारी है। मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि हर बड़े माफिया का संबंध समाजवादी पार्टी से निकलता रहा है।
योगी के इस बयान पर जवाब देते हुए अखिलेश यादव ने भी शायरी के अंदाज़ में पलटवार किया। उन्होंने एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा, “जब ख़ुद फँस जाओ, तो दूसरे पर इल्ज़ाम लगाओ। ये खेल हुआ पुराना, हुक्मरान कोई नई बात बताओ।” अखिलेश के इस ट्वीट के बाद सपा समर्थकों ने सोशल मीडिया पर सरकार के खिलाफ तीखी प्रतिक्रियाएं दीं।
सपा विधायक अतुल प्रधान ने मुख्यमंत्री के बयान को पूरी तरह झूठा बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बार-बार झूठ बोल रहे हैं, अगर उनके पास प्रमाण हैं तो सार्वजनिक करें। उन्होंने चुनौती दी कि मुख्यमंत्री डीजीपी और एसटीएफ प्रमुख के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करें और ठोस सबूत दिखाएं। साथ ही उन्होंने पूछा कि “मुख्यमंत्री का बुलडोजर अब कहां गया?”
वहीं, यूपी सरकार में मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि सरकार कोडीन मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री ने जो कहा है, वह प्रारंभिक जांच पर आधारित है और निष्पक्षता से मामले को अंजाम तक पहुँचाया जाएगा।
कोडीन विवाद के बीच सपा और भाजपा विधायकों के बीच तीखे शब्दों की जंग ने उत्तर प्रदेश की सियासत को एक बार फिर गरमा दिया है।
Correspondent – Shanwaz khan



