ईरान में जारी विरोध प्रदर्शनों को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कड़ी चेतावनी के बाद तेहरान ने भी दो टूक जवाब दिया है। ईरान के शीर्ष नेतृत्व ने साफ किया है कि देश के आंतरिक मामलों में किसी भी तरह का बाहरी हस्तक्षेप पूरे क्षेत्र को अस्थिर कर सकता है और इसके गंभीर नतीजे होंगे।
बीते कुछ दिनों से ईरान में महंगाई और बिगड़ती आर्थिक स्थिति के खिलाफ बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हो रहे हैं। कई शहरों में हालात हिंसक हो गए हैं, जिनमें अब तक 6 लोगों की मौत की खबर है। हालात तब और तनावपूर्ण हो गए, जब प्रदर्शन देशभर में फैल गए और सुरक्षाबलों के साथ झड़पें हुईं। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान की सरकार को चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर प्रदर्शनकारियों पर हिंसा जारी रही, तो अमेरिका हस्तक्षेप करने के लिए तैयार है।
ट्रंप के इस बयान पर ईरान की कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव अली लारिजानी ने कहा कि अमेरिका को दूसरों के मामलों में दखल देने के बजाय अपने सैनिकों की सुरक्षा की चिंता करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप पूरे मध्य-पूर्व में अफरा-तफरी मचा सकता है।

ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने भी हिंसक प्रदर्शनों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। खामेनेई ने कहा कि देश की सुरक्षा और स्थिरता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। सरकार का कहना है कि हालिया हिंसा के पीछे बाहरी ताकतों का हाथ हो सकता है, जो देश में अस्थिरता फैलाना चाहती हैं।
स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, लॉर्डेगन और अजना जैसे इलाकों में हालात ज्यादा बिगड़े हैं। कुहदाश्त में एक सुरक्षाकर्मी की भी मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई शहरों में दर्जनों प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि, गिरफ्तारियों की कुल संख्या को लेकर सरकार की ओर से अभी कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि साल 2022 के हिजाब विरोधी आंदोलनों के बाद यह पहला मौका है, जब ईरान में इतने बड़े स्तर पर लोग सड़कों पर उतरे हैं। महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक दबाव ने जनता के गुस्से को हवा दी है। मौजूदा हालात में अमेरिका की धमकी और ईरान के सख्त जवाब ने पहले से तनावग्रस्त क्षेत्र में चिंता और बढ़ा दी है।
Corrospondent – Shanwaz khan



