देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दक्षिण से लेकर उत्तर भारत तक के कई राज्यों में अलग-अलग मौसमीय चेतावनियां जारी की हैं। दक्षिण में जहां बारिश और तेज हवाओं का असर रहेगा, वहीं उत्तर भारत में शीतलहर और घने कोहरे से ठिठुरन बढ़ने लगी है।
IMD के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव (Deep Depression) के चलते दक्षिण भारत के तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और केरल में अगले 48 घंटों तक मौसम सक्रिय रहेगा। इन राज्यों के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों — चेन्नई, पुडुचेरी, नागपट्टिनम, तंजावुर और कांचीपुरम आदि जिलों में 11 से 13 जनवरी तक भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। IMD ने इन इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
उत्तर भारत में शीतलहर और कोहरे का प्रकोप
उत्तरी राज्यों में ठंड ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश में 11 से 15 जनवरी तक शीतलहर और घना से अति घना कोहरा छाने की चेतावनी दी है। दैनिक जीवन पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। दृश्यता कम होने के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। कई इलाकों में दिनभर ठंडी हवाएं चलने से कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी हुई है।
दिल्ली-एनसीआर में ठंड के साथ प्रदूषण
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में ठंड के साथ वायु प्रदूषण की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। हल्की बारिश के बावजूद एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में कोई सुधार नहीं दिखा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, आनंद विहार, आरके पुरम, नेहरू नगर और पंजाबी बाग जैसे इलाकों में AQI 400 के पार पहुंच गया है, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। आईएमडी के मुताबिक, आने वाले दिनों में दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
बिहार, यूपी और पहाड़ी राज्यों की स्थिति
बिहार में 15 जिलों में येलो और 16 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पटना, सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी और मुजफ्फरपुर में दिनभर ठंडी हवाएं चलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उत्तर प्रदेश में करीब 30 जिलों में घने कोहरे का असर रहेगा। राजस्थान के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, हिमालयी राज्यों — उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख — में लगातार बर्फबारी से तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है।
यातायात और सावधानी
घने कोहरे के कारण कई ट्रेनों के देरी से चलने और उड़ानों पर असर पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सुबह के समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
Correspondent – Shanwaz khan



