गाजियाबाद में आने वाले प्रमुख त्योहारों को देखते हुए जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए हैं. गणतंत्र दिवस, गुरु रविदास जयंती और महाशिवरात्रि जैसे आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से 16 फरवरी तक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू कर दी गई है. इस दौरान जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है.
धारा 163 के तहत चार या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक रहेगी. इसके साथ ही किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन, रैली, जुलूस या सार्वजनिक सभा की अनुमति नहीं होगी. प्रशासन का कहना है कि त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ और संवेदनशील माहौल को देखते हुए यह फैसला एहतियात के तौर पर लिया गया है, ताकि कोई भी असामाजिक तत्व शांति व्यवस्था को बिगाड़ न सके.
जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन व्यक्तियों की गतिविधियों से कानून-व्यवस्था पर असर पड़ सकता है, उनके संवेदनशील इलाकों और रिहायशी कॉलोनियों में प्रवेश पर निगरानी रखी जाएगी. पुलिस को ऐसे लोगों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं. सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और खुफिया विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है.
सुरक्षा के लिहाज से ड्रोन उड़ाने पर भी सख्ती बरती जा रही है. सरकारी कार्यालयों के एक किलोमीटर के दायरे में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी से माहौल खराब न हो.
प्रशासन ने साफ कहा है कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भड़काऊ भाषण या शांति भंग करने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि वह संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात रखे और जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई करे.
जिला प्रशासन और पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील की है. लोगों से कहा गया है कि वे नियमों का पालन करें, अनावश्यक भीड़ न लगाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें. अधिकारियों का कहना है कि आम नागरिकों के सहयोग से ही त्योहारों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जा सकता है.
प्रशासन का मानना है कि यह कदम लोगों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी है. आने वाले दिनों में भी स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी और जरूरत पड़ने पर सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जा सकता है.
Corrospundent – Shanwaz khan



