Homeटॉप स्टोरीगणतंत्र दिवस पर गुरुग्राम पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, दिल्ली में भारी...

गणतंत्र दिवस पर गुरुग्राम पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, दिल्ली में भारी वाहनों की एंट्री पर रहेगी रोक

8 / 100 SEO Score

गुरुग्राम: 26 जनवरी को मनाए जाने वाले गणतंत्र दिवस और उससे पहले होने वाली फुल ड्रेस रिहर्सल को लेकर गुरुग्राम पुलिस ने ट्रैफिक को लेकर विशेष एडवाइजरी जारी की है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और यातायात को सुचारु रखने के उद्देश्य से दिल्ली में मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है।

पुलिस के अनुसार, 22 जनवरी 2026 की शाम 5 बजे से 23 जनवरी दोपहर 1:30 बजे तक भारी वाहनों का दिल्ली में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा 25 जनवरी की शाम 5 बजे से 26 जनवरी दोपहर 1:30 बजे तक मध्यम और भारी दोनों प्रकार के मालवाहक वाहनों पर रोक लागू रहेगी। यह कदम गणतंत्र दिवस से जुड़े आयोजनों के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए उठाया गया है।

गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत शहर में 3,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मेट्रो स्टेशन और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। कई स्थानों पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी निगरानी के लिए मौजूद रहेंगे। ट्रैफिक को नियंत्रित रखने के लिए भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।

डायवर्जन प्लान के तहत जयपुर की ओर से एनएच-48 पर आने वाले भारी वाहनों को केएमपी एक्सप्रेसवे के पचगांव चौक से मोड़ा जाएगा। वहीं गुरुग्राम शहर के भीतर से गुजरने वाले भारी वाहन हीरो होंडा चौक, शंकर चौक, मेहरौली बॉर्डर, सोहना, पटौदी और फरुखनगर जैसे मार्गों से वैकल्पिक रास्तों पर भेजे जाएंगे।

हालांकि कुछ आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। दूध, फल-सब्जी की सप्लाई करने वाले वाहन, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और एयरपोर्ट यात्रियों के वाहनों पर कोई रोक नहीं होगी। अन्य जिलों या राज्यों की ओर जाने वाले वाहनों को केएमपी एक्सप्रेसवे का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

इधर दिल्ली यातायात पुलिस भी गणतंत्र दिवस परेड और बीटिंग रिट्रीट समारोह को लेकर आधुनिक तकनीक का सहारा ले रही है। पहली बार एआई से तैयार एनिमेटेड वीडियो के जरिए मेहमानों की आवाजाही, पार्किंग और रूट प्लान की जानकारी दी जा रही है। साथ ही ‘कार-कॉलिंग सिस्टम’ लागू किया गया है, जिससे भीड़भाड़ के दौरान वाहनों को व्यवस्थित ढंग से बुलाया और नियंत्रित किया जा सके।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देखें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सहयोग करें, ताकि गणतंत्र दिवस का आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।

Correspondent – Shanwaz Khan

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments