पुणे, 9 फरवरी 2026: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के संस्थापक और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें पुणे के प्रतिष्ठित रुबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 85 वर्षीय पवार को बुखार और गले में संक्रमण की शिकायत हुई, जिसके कारण डॉक्टरों ने उनकी तुरंत जांच शुरू कर दी। अस्पताल पहुंचने पर उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले उनके साथ मौजूद रहीं।
सोमवार सुबह से ही शरद पवार को लगातार खांसी हो रही थी। हाल ही में अजित पवार के निधन के बाद वे मुंबई, पुणे और बारामती के दौरे पर सक्रिय थे। पार्टी कार्यकर्ता लगातार उनसे मिलने आ रहे थे, जिससे उनकी व्यस्तता बढ़ गई। इस बीच तबीयत खराब होने पर परिवार ने अस्पताल जाने का फैसला किया। रुबी अस्पताल के चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच के बाद कहा कि विस्तृत परीक्षणों के परिणाम आने पर ही तय होगा कि पवार को अस्पताल में रखा जाता है या घर भेजा जाता है। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
शरद पवार का जन्म 12 दिसंबर 1940 को हुआ था। 85 वर्ष की उम्र में भी वे राजनीति में अत्यंत सक्रिय हैं। उनकी ऊर्जा और समर्पण पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा स्रोत है। कई युवा नेता उन्हें अपना आदर्श मानते हैं। वर्तमान में वे राज्यसभा सदस्य हैं। अप्रैल 2020 में महाराष्ट्र से राज्यसभा के लिए चुने गए पवार का यह दूसरा कार्यकाल है।
पवार का राजनीतिक सफर लंबा और गौरवशाली रहा है। वे 1967 से 1991 तक कई बार विधायक रहे—1967-72, 1972-78, 1978-80, 1980-85, 1985-90 और 1990-91। चार बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने: पहली बार 18 जुलाई 1978 से 17 फरवरी 1980, दूसरी 26 जून 1988 से मार्च 1990, तीसरी मार्च 1990 से 25 जून 1991 और चौथी 6 मार्च 1993 से 14 मार्च 1995। जुलाई 1980-अगस्त 1981, दिसंबर 1983-जनवरी 1985 तथा मार्च 1985-दिसंबर 1986 तक महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता रहे। जून 1991 से 5 मार्च 1993 तक केंद्र में रक्षा मंत्री का दायित्व संभाला। 1993-95 तक महाराष्ट्र विधान परिषद सदस्य और 25 मार्च 1995 से 20 मई 1995 तक विपक्ष के नेता रहे।
एनसीपी के संस्थापक के रूप में पवार ने महाराष्ट्र और राष्ट्रीय राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी तबीयत को लेकर राजनीतिक गलियारों में चिंता का माहौल है। पार्टी ने समर्थकों से शुभकामनाओं के लिए प्रार्थना करने की अपील की है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। अधिक अपडेट के लिए अस्पताल से आधिकारिक बयान का इंतजार है।
Correspondent – Shanwaz Khan



