मुंबई। बॉलीवुड के यार्ड-स्टिक कॉमेडियन राजपाल यादव इन दिनों आर्थिक तंगी और कानूनी मुश्किलों से जूझ रहे हैं। तिहाड़ जेल में सरेंडर करने के बाद उनकी हालत देख सोनू सूद ने समर्थन का ऐलान कर दिया। सोनू ने सोशल मीडिया पर इमोशनल पोस्ट शेयर कर राजपाल को ‘गिफ्टेड एक्टर’ बताया और अपनी अपकमिंग फिल्म में कास्ट करने का वादा किया। साथ ही, साइनिंग अमाउंट तुरंत देने की बात कही।
सोनू सूद ने पोस्ट में लिखा, ‘राजपाल यादव ने इंडस्ट्री को सालों तक हंसी के पल दिए। कभी-कभी जिंदगी अन्याय करती है—प्रतिभा की कमी नहीं, वक्त की मार है। वो मेरी फिल्म का हिस्सा होंगे। ये छोटी साइनिंग फीस दान नहीं, बल्कि उनका सम्मान है। जब अपना कोई मुश्किल में हो, तो इंडस्ट्री को साबित करना चाहिए कि हम परिवार हैं।’ उन्होंने अन्य प्रोड्यूसर्स से भी अपील की—’सब मिलकर खड़े हों।’
राजपाल यादव का पुराना कर्ज और जेल की सजा
साल 2010 में राजपाल ने मुरली प्रोजेक्ट्स से ‘अता पता लापता’ फिल्म फाइनेंस करने के लिए 5 करोड़ रुपये उधार लिए। फिल्म फ्लॉप हो गई। बैंक में पैसे न होने से चेक बाउंस हुआ। मामला कोर्ट पहुंचा। अदालत ने कई बार राहत दी, लेकिन कर्ज चुकता न होने पर तिहाड़ सरेंडर का आदेश दिया। सरेंडर से पहले राजपाल इमोशनल हो बोले, ‘न पैसे हैं, न दोस्त। अकेले ही लड़ना पड़ेगा।’
सोनू सूद का नेक कदम
सोनू, जो कोरोना काल में मसीहा बने, एक बार फिर मानवता दिखा रहे हैं। उनका यह समर्थन इंडस्ट्री में सकारात्मक संदेश दे रहा है। फैंस सोशल मीडिया पर सराहना कर रहे—’सच्चा परिवार यही है।’ राजपाल की वापसी की उम्मीद जगी है। क्या अन्य सितारे भी आगे आएंगे? बॉलीवुड की एकजुटता का इम्तिहान है।
Mumbai – Piyush Dhar Diwedi



