दिल्ली में लगातार मुलाकातों का दौर
उत्तराखंड के कोटद्वार से मोहम्मद दीपक कुमार (जिन्हें मोहम्मद दीपक के नाम से जाना जाता है) दिल्ली पहुंचे और पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मिले। इसके ठीक बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह से उनकी मुलाकात हुई। जनवरी में एक मुस्लिम दुकानदार को बजरंग दल कार्यकर्ताओं से बचाने के साहसिक कदम के बाद चर्चा में आए दीपक को राजनीतिक दलों का समर्थन मिल रहा है। संजय सिंह ने सोशल मीडिया पर फोटो शेयर कर दीपक के ‘हौसले’ की तारीफ की।
संजय सिंह का भाईचारा संदेश
संजय सिंह ने अपने आवास पर दीपक से मुलाकात के बाद एक्स पर लिखा, “देश में जब नफरत का अंधेरा छाया हुआ है, ऐसे में दीपक ने भाईचारे का दीपक जला दिया।” उन्होंने कहा कि दीपक का काम गर्व करने वाला है, पूरा देश उनके साथ खड़ा है। AAP सांसद ने दीपक को सुरक्षा की जरूरत बताई और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। दीपक ने बताया कि उन्हें धमकियां मिल रही हैं, लेकिन संगठनों के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी।
राहुल गांधी से भी मिले दीपक
एक दिन पहले राहुल गांधी से मुलाकात कर चुके दीपक ने कहा कि बड़े नेता उनका हौसला बढ़ा रहे। राहुल ने भी उनकी हिम्मत की सराहना की। अब संजय सिंह की मुलाकात ने इसे सियासी रंग दे दिया। AAP कार्यकर्ता इसे सामाजिक सौहार्द का प्रतीक बता रहे, जबकि BJP इसे राजनीतिक ड्रामा कह रही। कोटद्वार में हिंदू-मुस्लिम एकता के प्रतीक बने दीपक को युवाओं का प्रेरणास्रोत बताया जा रहा।
सियासी हलकों में चर्चा
यह मुलाकातें उत्तराखंड की राजनीति में नया मोड़ ला सकती हैं। विपक्षी दल नफरत विरोधी माहौल बनाने के लिए दीपक को साध रहे। दीपक ने कहा, “मोहब्बत के लिए खड़े हुए, डरने का सवाल ही नहीं।” संजय सिंह ने अपील की कि पूरा देश दीपक जैसे लोगों के साथ खड़ा हो। कोटद्वार घटना के बाद हिंदू समाज के लोग मुस्लिम पक्ष में खड़े होने लगे। यह भाईचारे की नई मिसाल बन रही।
Correspondent – Shanwaz Khan



