Homeटॉप स्टोरीबीएमसी चुनाव से पहले सपा का कांग्रेस पर हमला, अबू आजमी बोले...

बीएमसी चुनाव से पहले सपा का कांग्रेस पर हमला, अबू आजमी बोले – “कांग्रेस सिर्फ लेना जानती है, देना नहीं”

8 / 100 SEO Score

महाराष्ट्र में आगामी बीएमसी और अन्य निकाय चुनावों से पहले सियासी समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। समाजवादी पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि वह इन चुनावों में अकेले मैदान में उतरेगी। मुंबई में बुधवार (19 नवंबर) को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा के महाराष्ट्र अध्यक्ष अबू आजमी ने घोषणा की कि पार्टी मुंबई की 150 सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जैसी बड़ी पार्टी सिर्फ अपने लिए लाभ चाहती है, लेकिन सहयोग देने को तैयार नहीं है।

अबू आजमी ने कांग्रेस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी में लीडरशिप की भारी कमी है और उसे अपने संगठन में सुधार की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस सही तरीके से गठबंधन करती तो बेहतर नतीजे आ सकते थे, लेकिन वह सहयोगी दलों की अनदेखी करती है। आजमी ने यह भी कहा कि “हम संयम रखते हैं, लेकिन कांग्रेस को भी गठबंधन धर्म निभाना चाहिए।”

सपा नेता ने कहा कि उनकी पार्टी पूरी तरह जनता से जुड़ी है और वह किसान, मजदूर, वंचित, दलित और पिछड़े वर्गों की आवाज उठाने वाली पार्टी है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी आंदोलन की उपज है और किसी धर्म के नाम पर राजनीति नहीं करती।

अबू आजमी ने निकाय चुनावों में आरक्षण को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बीएमसी चुनावों में नगरसेवकों की सीटों का आरक्षण कम से कम एक साल पहले घोषित होना चाहिए ताकि प्रत्याशी तैयारी कर सकें। उन्होंने बताया कि 20 नवंबर से पार्टी फॉर्म वितरण शुरू करेगी और जहां भी संगठन मजबूत है, वहां चुनाव लड़ेगी।

गठबंधन की संभावनाओं को नकारते हुए आजमी ने कहा, “हम किसी से गठबंधन नहीं करेंगे। पिछले चुनाव में कांग्रेस ने बिना बात किए सिर्फ दो सीटें छोड़ी थीं, इस बार ऐसा नहीं होगा। हम पूरी ताकत से अकेले मैदान में उतरेंगे।”

उन्होंने राज्य सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि फंड की सबसे कम आवंटन शिवाजी नगर और गोवंडी जैसे इलाकों को मिलता है। वहीं, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) पर हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि “एमएनएस ने उत्तर भारतीयों का बड़ा अपमान किया है। जो उसके साथ जाएगा, उसे जनता माफ नहीं करेगी।”

अबू आजमी के इस ऐलान के बाद यह साफ हो गया है कि मुंबई निकाय चुनाव में समाजवादी पार्टी कांग्रेस से दूरी बनाकर अकेले ही अपनी सियासी ताकत आजमाएगी।

Correspondent – Shanwaz Khan

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments