पटना: भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव ने शुक्रवार को अपनी पत्नी चंदा यादव के साथ औपचारिक रूप से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का दामन थाम लिया। आरजेडी में उनके शामिल होने की घोषणा पार्टी के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने की। इस मौके पर पार्टी कार्यालय में भारी भीड़ उमड़ी रही। माना जा रहा है कि खेसारी लाल यादव की पत्नी चंदा यादव को आरजेडी इस बार विधानसभा चुनाव में टिकट दे सकती है।
पिछले कुछ दिनों से खेसारी लाल यादव के राजनीति में आने की अटकलें तेज थीं। हाल ही में उन्होंने तेजस्वी यादव से मुलाकात की थी, जिसके बाद उनके आरजेडी में शामिल होने की चर्चा जोरों पर थी। अब यह अटकलें सच साबित हो गई हैं।
खेसारी लाल यादव ने पार्टी जॉइन करने के बाद कहा कि उनकी पत्नी चंदा पहले राजनीति में आने के लिए तैयार नहीं थीं, लेकिन बाद में बातचीत के बाद उन्होंने सहमति जताई। खेसारी ने कहा, “मेरी पत्नी पहले नहीं मान रही थीं, लेकिन मैंने उन्हें समझाया कि बिहार आज बदलाव की राह पर है। अगर हम चाहते हैं कि राज्य आगे बढ़े और बेरोजगारी खत्म हो, तो हमें भी इस बदलाव का हिस्सा बनना होगा।”
उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी पत्नी को आगे इसलिए किया है ताकि राज्य में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ें और लोगों को पलायन न करना पड़े। “हम चाहते हैं कि बिहार के लोग यहीं काम करें, यहीं सम्मान से जिएं। मैं या मेरी पत्नी चुनाव लड़ें, फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि हम दोनों का मकसद एक ही है—बिहार को नई दिशा देना,” खेसारी ने कहा।
तेजस्वी यादव ने खेसारी लाल यादव और उनकी पत्नी का स्वागत करते हुए कहा कि आरजेडी हमेशा से जनता के कलाकारों और जनप्रतिनिधियों का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि खेसारी लाल यादव जैसे लोकप्रिय चेहरे के आने से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी और युवाओं में एक सकारात्मक संदेश जाएगा।
बता दें कि खेसारी लाल यादव भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के बड़े सितारों में से एक हैं। उन्होंने फिल्मों के साथ-साथ समाजसेवा में भी सक्रिय भूमिका निभाई है। अब राजनीति में उतरकर उन्होंने यह संकेत दिया है कि वे बिहार के सामाजिक और आर्थिक विकास में अपनी भूमिका निभाना चाहते हैं।



