बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र आम आदमी पार्टी (AAP) ने गुरुवार, 23 अक्टूबर को अपना घोषणापत्र जारी किया। इसमें पार्टी ने दिल्ली और पंजाब मॉडल की तर्ज पर कई जनहितकारी वादे किए हैं, जो जनता को सीधा राहत देने वाले हैं।
घोषणापत्र के मुताबिक, अगर राज्य में आप की सरकार बनती है तो हर घर को 300 यूनिट तक फ्री बिजली दी जाएगी। साथ ही, सभी पुराने बिजली बिल माफ करने का ऐलान किया गया है। पार्टी ने यह भी कहा है कि बिहार में सोलर सब्सिडी योजना लागू की जाएगी, ताकि लोगों को सस्ती और पर्यावरण हितैषी ऊर्जा मिल सके।
महिलाओं के लिए AAP ने खास योजनाएं पेश की हैं। ‘मैया सम्मान योजना’ के तहत हर महिला को ₹3000 प्रति माह आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा और ₹10 लाख तक ब्याज-मुक्त लोन देने की घोषणा की गई है।
शिक्षा और रोजगार पर भी पार्टी ने जोर दिया है। हर पंचायत में आधुनिक स्कूल, स्मार्ट क्लासरूम और प्रशिक्षित शिक्षकों की सुविधा दी जाएगी। साथ ही, युवाओं को SSC, UPSC, NEET, JEE जैसी परीक्षाओं की फ्री कोचिंग मिलेगी ताकि उन्हें बाहर न जाना पड़े।
महिला सशक्तिकरण के तहत ‘बेटी प्रोत्साहन योजना’ शुरू की जाएगी, जिसके तहत 10वीं पास बेटियों को ₹1 लाख, 12वीं पास को ₹2 लाख और स्नातक होने पर ₹5 लाख की आर्थिक मदद दी जाएगी। रसोइयों और सहायिकाओं का वेतन भी बढ़ाकर ₹12,000 प्रति माह किया जाएगा।
AAP का दावा है कि ये वादे बिहार को एक नई दिशा देंगे और जनता को दिल्ली-पंजाब जैसा विकास मॉडल देखने को मिलेगा।



