देश के कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चल रही SIR (Special Intensive Revision) प्रक्रिया के दौरान लाखों लोग अपना एन्यूमरेशन फॉर्म भर चुके हैं. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) ने आपका फॉर्म सही तरीके से सबमिट किया है या नहीं. अच्छी खबर यह है कि इसकी पुष्टि आप बिना कहीं जाए, सिर्फ अपने फोन से कुछ सेकेंड में कर सकते हैं.
एन्यूमरेशन फॉर्म क्या है?
यह फॉर्म मतदाता सूची को अपडेट और सत्यापित करने के लिए इस्तेमाल होता है. BLO घर-घर जाकर यह जानकारी जुटाते हैं ताकि सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी योग्य नागरिक वोटर लिस्ट से बाहर न रहे और किसी भी तरह का गलत डेटा दर्ज न हो. यह प्रक्रिया चुनाव आयोग के लिए बेहद अहम होती है क्योंकि इसी पर आगामी चुनावों की मतदाता सूची आधारित रहती है.

मोबाइल से फॉर्म का स्टेटस कैसे चेक करें?
यदि BLO अभी तक आपके पास फॉर्म भरवाने नहीं पहुंचे हैं तो आप इसे ऑनलाइन भी भर सकते हैं. अगर आपने फॉर्म दे दिया है तो उसका स्टेटस मोबाइल से चेक किया जा सकता है. इसके लिए आपको चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in पर जाना होगा.
- साइट पर जाकर ‘Fill Enumeration Form’ ऑप्शन पर क्लिक करें.
- अगर नए यूजर हैं तो पहले मोबाइल नंबर, ईमेल और कैप्चा डालकर रजिस्ट्रेशन पूरा करें.
- लॉगिन करने के बाद ‘Fill Enumeration Form’ पर जाकर अपना राज्य चुनें और EPIC नंबर दर्ज करें.
- सबमिट करने के बाद आपके सामने स्टेटस दिखेगा.
- अगर स्क्रीन पर “Your form has already been submitted” लिखा दिखता है तो आपका फॉर्म सफलतापूर्वक स्वीकार हो चुका है.
- अगर यह मैसेज नहीं दिखता है तो फॉर्म अभी तक सबमिट नहीं हुआ है, ऐसी स्थिति में अपने क्षेत्र के BLO से संपर्क करें.
ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया
अगर आप खुद ऑनलाइन फॉर्म भरना चाहते हैं तो voters.eci.gov.in पर जाकर Special Intensive Revision–2026 सेक्शन में लॉगिन करें. यहां EPIC नंबर, मोबाइल या ईमेल से प्रवेश करें। फॉर्म भरते समय आधार कार्ड अपने पास रखें, क्योंकि आधार नंबर और उससे जुड़े मोबाइल पर आने वाले OTP के जरिए ही अंतिम वेरिफिकेशन पूरा होता है. फॉर्म सबमिट होने के बाद आपको SIR 2026 Receiver Slip मिल जाती है, जिसे भविष्य की जरूरतों के लिए सुरक्षित रखें.
इस तरह आप घर बैठे आसानी से जान सकते हैं कि आपका SIR फॉर्म स्वीकार हुआ है या नहीं.
Correspondent – Shanwaz Khan



