दिल्ली में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए सरकार ने वर्क फ्रॉम होम (WFH) नियम को पूरी सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री कपिल मिश्रा ने मंगलवार को साफ कहा कि “50 फीसदी वर्क फ्रॉम होम निर्देश” को सभी सरकारी और निजी संस्थानों में 100 प्रतिशत पालन के साथ लागू किया जाए, नहीं तो कार्रवाई की जाएगी।
प्रदूषण नियंत्रण के लिए लागू है ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान-4
दिल्ली में फिलहाल ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का चरण-4 लागू है, जो प्रदूषण के अत्यधिक स्तर पर अपनाया जाता है। इसी के तहत दिल्ली सरकार ने बीते सप्ताह 50% कर्मचारियों को घर से कार्य करने का आदेश जारी किया था। मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि “दिल्ली के सभी सरकारी और निजी दफ्तरों में यह व्यवस्था तुरंत और सख्ती से लागू की जाएगी।”
उन्होंने कहा, “जो संस्थान इस नियम का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ‘गंभीर’ श्रेणी में है, ऐसे में प्रशासनिक और निजी दोनों स्तरों पर जिम्मेदारी निभाना जरूरी है।”
आवश्यक सेवाओं को मिलेगी छूट
दिल्ली सरकार ने स्पष्ट किया कि केवल कुछ आवश्यक विभाग — स्वास्थ्य, अस्पताल, अग्निशमन, जेल प्रशासन और सार्वजनिक परिवहन — को इस नियम से छूट दी जाएगी। इन विभागों में पूरी क्षमता के साथ कार्य जारी रहेगा, जबकि बाकी कार्यालयों में आधी संख्या में कर्मचारियों को ही बुलाया जाएगा।
मिश्रा ने कहा, “CAQM और पर्यावरण विभाग ने सभी दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं। कल से 50% उपस्थिति नियम लागू होगा। हमें यह सुनिश्चित करना है कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए हर विभाग अपना योगदान दे।”
निर्माण कार्य और मजदूरों के लिए राहत योजना
मंत्री ने बताया कि GRAP-3 और GRAP-4 के दौरान निर्माण गतिविधियों पर कई बार रोक लगानी पड़ी थी। इन बंदिशों से प्रभावित पंजीकृत मजदूरों को सरकार की ओर से 10,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। यह राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।
AAP पर साधा निशाना
इस मौके पर कपिल मिश्रा ने विपक्षी दल आम आदमी पार्टी (AAP) पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “अरविंद केजरीवाल जब मुख्यमंत्री थे, तो हर साल प्रदूषण के वक्त छुट्टियां मनाने चले जाते थे। आज जब एक महिला मुख्यमंत्री दिन-रात काम कर रही हैं, तो उनके खिलाफ बदसलूकी कराई जा रही है। दिल्ली और पंजाब की जनता सब देख रही है।”
Delhi / Piyush Dhar Diwedi



