कटक में खेले गए भारत और साउथ अफ्रीका के पहले टी20 मैच में शुभमन गिल की वापसी उम्मीदों के विपरीत साबित हुई। लगभग एक महीने के लंबे इंतजार के बाद गर्दन की चोट से उबर कर मैदान पर लौटे गिल सिर्फ दो गेंदों में 4 रन बनाकर आउट हो गए, जिससे न सिर्फ टीम को मजबूत शुरुआत नहीं मिली बल्कि सोशल मीडिया पर फैंस की नाराजगी भी खुलकर सामने आई।
2025 का साल शुभमन गिल के लिए टी20 क्रिकेट में खास नहीं रहा है। इस साल अब तक वह 13 मैचों में केवल 263 रन बना सके हैं, जिनका औसत 26.3 है और स्ट्राइक रेट 143.71 का रहा है। टीम ने उन्हें उप-कप्तान बनाकर ओपनिंग की जिम्मेदारी दी थी, लेकिन उनका रन नहीं बनना और जल्दी आउट होना सवाल खड़े करता है। खासतौर पर उस समय जब टीम के और अन्य खिलाड़ी जैसे संजू सैमसन लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन उन्हें आज भी जगह नहीं मिल रही।
पहले ओवर में ही गिल की खराब बल्लेबाजी सामने आई। उन्होंने पहली गेंद पर चौका लगाया था, लेकिन अगली गेंद पर कमजोर टाइमिंग के कारण शॉट हवा में गया और मार्को जानसन ने आसानी से कैच पकड़ा। गिल के जल्दी आउट होने से फैंस का गुस्सा सोशल मीडिया पर छलक पड़ा। कई लोगों ने तीखा मजाक उड़ाया, कुछ ने पूछा कि गिल क्यों उन खिलाड़ियों की जगह लगातार टीम में बने रहते हैं जो फॉर्म में हैं, जैसे संजू सैमसन, यशस्वी जायसवाल और ईशान किशन।
फैंस की नाराजगी का एक बड़ा कारण यह भी रहा कि इस मैच में संजू सैमसन को फिर से टीम से बाहर बैठा दिया गया। यह बात कई क्रिकेट प्रेमियों को पसंद नहीं आई क्योंकि संजू लगातार अच्छी फार्म में हैं और टीम के लिए अहम खिलाड़ी साबित हो रहे हैं। गिल की लगातार खराब फॉर्म और संजू जैसे खिलाड़ियों को मौके न मिलना टीम चयन पर सवाल उठाता है।
अब शुभमन गिल के पास अपनी क्षमता साबित करने के लिए अगला मौका सीरीज के दूसरे मैच में होगा, जो 11 दिसंबर को उनके गृह राज्य पंजाब के मुल्लांपुर में खेला जाएगा। घरेलू मैदान के लाभ और दर्शकों का समर्थन उनके लिए नई ऊर्जा लेकर आ सकता है। हालांकि इस मैच में भी गिल को बेहतर प्रदर्शन करना होगा ताकि वह फैंस का विश्वास वापस जीत सकें और अपनी जगह पक्की कर सकें।
भारत बनाम साउथ अफ्रिका टी20 सीरीज में शुभमन गिल की वापसी को लेकर येदुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें बनी हुई हैं, और अब इस युवा बल्लेबाज के आने वाले मैच में कमाल दिखाने की उम्मीद बढ़ गई है।
Correspondent – Shanwaz khan



