भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाली टेस्ट सीरीज टीम इंडिया के युवा कप्तान शुभमन गिल के लिए बेहद खास साबित हो सकती है। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में 14 नवंबर से शुरू हो रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज में गिल के पास एक नहीं बल्कि कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम करने का सुनहरा अवसर है।
दरअसल, शुभमन गिल को बतौर कप्तान टेस्ट क्रिकेट में 1000 रन पूरे करने के लिए सिर्फ 54 रन की जरूरत है। वह ऐसा करने वाले सबसे तेज भारतीय कप्तान बन सकते हैं। गिल ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 चक्र में अब तक 7 मैचों की 13 पारियों में 78.83 की औसत से 946 रन बनाए हैं। इन पारियों में उन्होंने 5 शतक और 6 अर्धशतक जड़े हैं। गिल के बाद इस सूची में केएल राहुल हैं, जिन्होंने 13 पारियों में 728 रन बनाए हैं।
गिल के शानदार प्रदर्शन के चलते वह न केवल इस चक्र में 1000 रन पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी बनने के करीब हैं, बल्कि एशियाई बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर भी बन सकते हैं। फिलहाल यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के बाबर आजम के नाम दर्ज है, जिन्होंने 38 मैचों की 70 पारियों में 3129 रन बनाए हैं। बाबर के नाम 8 शतक और 19 अर्धशतक दर्ज हैं, जबकि शुभमन गिल ने 39 मैचों की 72 पारियों में 43.01 की औसत से 2839 रन बनाए हैं और उनके नाम 10 शतक शामिल हैं। ऐसे में गिल इस सीरीज में बाबर का रिकॉर्ड तोड़कर एशियाई बल्लेबाजों में शीर्ष स्थान हासिल कर सकते हैं।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में सबसे ज्यादा रन इंग्लैंड के जो रूट ने बनाए हैं। उन्होंने 126 पारियों में कुल 6080 रन बनाए हैं। हालांकि किसी भी अन्य बल्लेबाज ने अब तक WTC में 5000 रन का आंकड़ा पार नहीं किया है। ऐसे में भारतीय कप्तान गिल लगातार अपने शानदार फॉर्म से इस अंतर को कम कर रहे हैं।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यह टेस्ट सीरीज भारत के लिए भी अहम होगी क्योंकि इससे टीम की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की स्थिति और मजबूत हो सकती है। पहला टेस्ट मैच 14 से 18 नवंबर तक कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मैच 22 से 26 नवंबर तक गुवाहाटी के असम क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में होगा।
मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा और दर्शक इसे डिजिटल प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीम के जरिए देख सकेंगे।
Correspondent – Shanwaz Khan



