कॉमेडियन और अभिनेता कपिल शर्मा की फिल्म किस किस को प्यार करूं 2 इन दिनों चर्चा में है। फिल्म में कपिल की ऑनस्क्रीन पत्नी की भूमिका निभा रही हैं एक्ट्रेस पारुल गुलाटी, जो न केवल एक्टिंग में बल्कि बिजनेस में भी काफी एक्टिव हैं। पारुल ने बालों से जुड़े प्रोडक्ट्स के क्षेत्र में अपनी कंपनी बनाकर करोड़ों की कमाई कर ली है।
पारुल गुलाटी ने 2017 में मात्र 30 हजार रुपये के निवेश से अपना खुद का स्टार्टअप निश हेयर शुरू किया था। यह कंपनी हेयर एक्सटेंशन, विग्स और हेयर टॉपर्स जैसे उत्पाद बेचती है, जो ग्राहकों में काफी लोकप्रिय हैं। धीरे-धीरे यह बिजनेस इतना बढ़ा कि अब इसकी कीमत 50 करोड़ से अधिक आंकी जा रही है, जो इंडस्ट्री ट्रैकर Traxcn की रिपोर्ट में भी दर्ज है।
2019 में पारुल गुलाटी ने अपनी पिच शार्क टैंक इंडिया 2 में दी थी, जहां उनके आत्मविश्वास और बिजनेस मॉडल ने कई शार्क्स को प्रभावित किया था। उन्होंने उस वक्त यह भी बताया था कि उनका लक्ष्य अगले साल 5 करोड़ रुपये के प्रोडक्ट्स बेचने का है।
इतना ही नहीं, पारुल ने होम बिजनेस के अलावा गोवा में मालकिन होस्टल नाम से एक होस्टल भी शुरू किया है, जो जुलाई 2025 में शुरू हुआ था। ये होस्टल उनके उद्यमशीलता के विस्तार का एक और उदाहरण है।
पारुल गुलाटी की एक्टिंग जर्नी भी कम प्रभावशाली नहीं है। उन्होंने 2009 में टीवी शो ये प्यार ना होगा कम से शुरुआत की थी। इसके बाद वह द रायकर, Your Honour, गर्ल्स होस्टल जैसे लोकप्रिय शोज़ में नजर आईं। अब उनकी नजर किस किस को प्यार करूं 2 में है, जिसमें कपिल शर्मा लीड रोल में हैं। इसके अलावा फिल्म में त्रिधा चौधरी, आयशा खान और मनजोत सिंह जैसे सितारे भी हैं।
कपिल शर्मा की ऑनस्क्रीन पत्नी के किरदार में पारुल की लोकप्रियता के कारण दर्शकों में इस फिल्म को लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है।
Correspondent – Shanwaz khan



