भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने साफ कर दिया है कि उनका क्रिकेट करियर अभी खत्म नहीं हुआ है। 2023 वर्ल्ड कप के बाद उनके रिटायरमेंट को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए उन्होंने खुद कहा है कि वह 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं।
रोहित शर्मा इन दिनों ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हैं, जहां भारत को 19 अक्टूबर से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। सीरीज से पहले सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे ‘Make a Wish Child’ संस्था के एक बच्चे से बातचीत कर रहे हैं।
वीडियो में बच्चा रोहित से पूछता है, “अगला वर्ल्ड कप कब है?”
रोहित मुस्कुराते हुए जवाब देते हैं, “2027।”
बच्चा फिर पूछता है, “क्या आप 2027 का वर्ल्ड कप खेलेंगे?”
इस पर रोहित का जवाब आता है, “हां, मैं वर्ल्ड कप खेलना चाहता हूं।”
रोहित के इस जवाब ने उनके फैंस के बीच खुशी की लहर दौड़ा दी है। उन्होंने यह भी कहा कि ODI वर्ल्ड कप जीतना उनका सपना है, जिसे वह पूरा करना चाहते हैं।
रोहित शर्मा अब तक तीन वनडे वर्ल्ड कप (2015, 2019, 2023) खेल चुके हैं। इन टूर्नामेंट्स में उन्होंने 28 मैचों में 1575 रन बनाए हैं, जिसमें 7 शतक और 6 अर्धशतक शामिल हैं। 2023 वर्ल्ड कप में उनकी कप्तानी में भारत ने सभी मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 6 विकेट से हार के कारण टीम को ट्रॉफी से दूर रहना पड़ा।
अब रोहित की निगाहें 2027 पर हैं — जहां वे न सिर्फ खेलना चाहते हैं, बल्कि भारत को वर्ल्ड कप जिताकर अपने करियर का अधूरा सपना पूरा करना चाहते हैं।



