Kabul/Islamabad: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। डूरंड रेखा के पास दोनों देशों की सेनाओं के बीच झड़प की खबरें आ रही हैं। अफगान मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तालिबान लड़ाकों के जवाबी हमले के दौरान पाकिस्तानी सैनिकों को अपनी चौकियां खाली कर पीछे हटना पड़ा।
अफगान पत्रकार दाउद जुनबिश ने दावा किया है कि झड़प के दौरान तालिबान ने पाकिस्तानी सैनिकों के हथियार जब्त कर लिए और क्षेत्र पर नियंत्रण कर लिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में अफगान लड़ाके पाकिस्तानी चौकियों पर कब्जा करते और वहां मौजूद सैन्य सामान दिखाते नजर आ रहे हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान ने हाल ही में काबुल के पास कथित तौर पर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के ठिकानों पर हवाई हमला किया था। इस हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया।
इस बीच, दोनों पक्षों ने 48 घंटे के सीजफायर पर सहमति जताई है, ताकि हालात सामान्य किए जा सकें। हालांकि, स्थानीय सूत्रों का कहना है कि सीमा क्षेत्रों में अब भी sporadic (छिटपुट) झड़पें जारी हैं।
अफगानिस्तान की ओर से तालिबान सरकार ने पाकिस्तान पर “संप्रभुता का उल्लंघन” करने का आरोप लगाया है, जबकि इस्लामाबाद का कहना है कि वह केवल आतंकवादी ठिकानों को निशाना बना रहा है।



