उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। लुधियाना से दरभंगा जा रही तेज रफ्तार डबल डेकर स्लीपर बस गोसाईगंज के जौखंडी गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 5 यात्रियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 16 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मरने वालों में 3 बच्चे, 1 महिला और 1 पुरुष शामिल हैं। घायलों को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर और सीएचसी गोसाईगंज रेफर किया गया।
ड्राइवर की झपकी बनी मौत का कारण
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस पॉइंट 11.4 पर सांप की तरह लहराने लगी। चश्मदीद अंश पटेल ने बताया कि ड्राइवर को झपकी आ गई। बस की रफ्तार 100 किमी/घंटा से ज्यादा थी। हादसे के वक्त अधिकांश यात्री सो रहे थे। चीख-पुकार मच गई। खिड़कियों से लटके शव, सड़क पर बिखरा सामान- भयावह मंजर देख राहगीर दहल गए। पुलिस, दमकल और एंबुलेंस टीम ने रेस्क्यू में 2 घंटे लगाए। क्रेन से बस को सीधा किया गया।
नशे और लापरवाही का खेल
यात्रियों ने खुलासा किया कि ड्राइवर व कंडक्टर ढाबे पर शराब पी चुके थे। चलती बस में भी दोनों नशे में धुत थे। बस जर्जर हालत में थी। डीसीपी दक्षिणी निपुण अग्रवाल ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त जारी है। नेपाल के 2 लोगों की पहचान हुई। ड्राइवर फरार, कंडक्टर हिरासत में। ब्लैक लिस्ट बस मालिक पर FIR। हादसे ने डबल डेकर बसों की सुरक्षा पर सवाल उठाए।
प्रशासन अलर्ट, ट्रैफिक बहाल
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक जाम। एसएसपी ने हाईवे पेट्रोलिंग बढ़ाई। सीएम योगी आदित्यनाथ ने मुआवजे के निर्देश दिए। प्रत्येक मृतक को 5 लाख, घायलों को 50 हजार। विपक्ष ने ओवरलोडिंग और रखरखाव की लापरवाही का आरोप लगाया। पूर्वांचल पर यह तीसरा बड़ा हादसा। अब सख्ती का वक्त।
Correspondent – Shanwaz Khan



