Homeखबर भोजपुरियाबिहार चुनाव 2025: ‘नचनिया’ कहने पर भड़के खेसारी लाल यादव, सम्राट चौधरी...

बिहार चुनाव 2025: ‘नचनिया’ कहने पर भड़के खेसारी लाल यादव, सम्राट चौधरी को दिया करारा जवाब — बोले, “पहले अपने घर में झांककर देखें”

9 / 100 SEO Score

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के करीब आते ही राज्य की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। अब इस जुबानी जंग में भोजपुरी सुपरस्टार और छपरा सीट से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के उम्मीदवार खेसारी लाल यादव भी खुलकर उतर आए हैं। उन्होंने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के उस बयान पर पलटवार किया है जिसमें चौधरी ने उन्हें “नाचने वाला” कहकर तंज कसा था।

खेसारी लाल यादव ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “सम्राट चौधरी पहले अपने घर में झांककर देखें और बताएं कि उन्होंने अपनी पार्टी में चार ‘नचनिया’ को टिकट क्यों दिया है?” उन्होंने कहा कि राजनीति में कोई छोटा-बड़ा नहीं होता, हर उम्मीदवार जनता की सेवा के लिए मैदान में उतरता है।

हालांकि, खेसारी ने यह भी कहा कि वे सम्राट चौधरी को अपना “बड़ा भाई” मानते हैं और उनका सम्मान करते रहेंगे। उन्होंने कहा, “सम्राट भैया मेरे बड़े भाई जैसे हैं, मुझे उनका आशीर्वाद चाहिए। वो जैसे माहौल से आते हैं, वैसे ही बोलते हैं। लेकिन मेरी परवरिश ऐसी नहीं कि मैं किसी के खिलाफ अपशब्द कहूं।”

राजनीति में अपने इरादों को लेकर खेसारी ने कहा कि वे बिहार के विकास को अपनी सबसे बड़ी प्राथमिकता मानते हैं। उन्होंने कहा, “हम मरते दम तक बिहार के विकास के लिए काम करेंगे। मेरा सपना है कि छपरा का चेहरा पूरी तरह बदल दूं। आज तक बिहार के किसी भी हिस्से में वास्तविक विकास नहीं हुआ है। अब समय है नई शुरुआत करने का।”

जब उनसे पूछा गया कि जीतने के बाद वे क्या बदलाव लाना चाहेंगे, तो उन्होंने कहा, “हमें बिहार में शुरुआत से शुरुआत करनी है। शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के लिए मैं आखिरी सांस तक संघर्ष करता रहूंगा।”

अपने भोजपुरी गानों में अश्लीलता के आरोपों पर उन्होंने सफाई दी और कहा, “यह सिर्फ मनोरंजन का माध्यम है। मेरे गाने बिहार के विकास से जुड़े नहीं हैं। लोग मनोरंजन चाहते हैं और मैं वही करता हूं।”

बिहार की राजनीति में खेसारी लाल यादव की एंट्री से मुकाबला और रोचक हो गया है। एक तरफ वे भोजपुरी सिनेमा के बड़े सितारे हैं, तो दूसरी ओर अब वे राजनीति में भी अपनी गंभीर छवि गढ़ने की कोशिश में हैं। उनके तेवरों से साफ है कि वे इस बार सिर्फ स्टार नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार नेता के रूप में जनता के बीच उतर चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments