उत्तर प्रदेश की सियासत में नया मोड़
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी को जोर-शोर से शुरू कर दिया है। उन्होंने अभी से पहला प्रत्याशी का नाम घोषित कर सबको चौंका दिया है। यूपी में ब्राह्मण वोटों को लेकर छिड़ी राजनीतिक जंग के बीच मायावती ने अपना पहला दांव जालौन जिले की माधौगढ़ विधानसभा सीट पर ब्राह्मण नेता आशीष पांडेय पर लगाया है। आशीष पांडेय को इस सीट का प्रभारी नियुक्त किया गया है, जो पार्टी के अंदरूनी संकेतों के मुताबिक टिकट की गारंटी माना जा रहा है।
ब्राह्मण कार्ड के साथ मजबूत रणनीति
बसपा की परंपरा रही है कि चुनावी तारीखों से पहले जिन नेताओं को प्रभारी बनाया जाता है, उन्हें ही उम्मीदवार के रूप में उतारा जाता है। मायावती का यह फैसला ब्राह्मण समुदाय को लुभाने की रणनीति का हिस्सा दिखता है। आशीष पांडेय को निर्देश दिए गए हैं कि वे माधौगढ़ सीट पर संगठन को मजबूत करें, जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाएं और वोटरों से सीधा संपर्क स्थापित करें। इस कदम से साफ है कि बसपा इस बार ब्राह्मण, दलित और मुस्लिम वोटों के त्रिकोणीय समीकरण पर चुनाव लड़ने को तैयार है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह चाल भाजपा और सपा की ब्राह्मण-आकर्षण रणनीति को चुनौती देगी।
2027 चुनाव की व्यापक तैयारी
मायावती ने इस बार देरी न करने का फैसला लिया है। आमतौर पर बसपा प्रत्याशियों के नाम अंतिम समय पर घोषित करती रही है, लेकिन 2027 के लिए वे पहले से मैदान में उतर आई हैं। होली के बाद कानपुर मंडल की पांच अन्य सीटों पर भी प्रभारियों के नाम तय हो सकते हैं। इसका मकसद उम्मीदवारों को भरपूर समय देना है, ताकि वे जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत कर सकें। पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश हैं कि वे गांव-गांव जाकर बसपा की विचारधारा को फैलाएं और विकास के मुद्दों पर जोर दें। मायावती का यह सक्रिय रुख दिखाता है कि वे कोई कसर नहीं छोड़ना चाहतीं।
गठबंधन की अफवाहों पर सख्त स्टांस
यूपी विधानसभा चुनाव में अभी एक साल बाकी है, लेकिन गठबंधन को लेकर कयासों का दौर जोरों पर है। इंडिया गठबंधन के हिस्से के तौर पर कांग्रेस ने मायावती को खुला न्योता दिया है, लेकिन बसपा सुप्रीमो ने साफ मना कर दिया है। उन्होंने कहा कि बसपा अकेले ही लड़ेगी और अपनी ताकत खुद साबित करेगी। यह फैसला विपक्षी दलों के लिए झटका है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि बिना गठबंधन के चुनाव और रोचक होगा, जहां बसपा का ब्राह्मण-दलित फॉर्मूला गेम चेंजर साबित हो सकता है।
राजनीतिक समीकरण में बदलाव की उम्मीद
मायावती की यह पहल यूपी की राजनीति में नया समीकरण रच सकती है। ब्राह्मण वोट, जो परंपरागत रूप से भाजपा का गढ़ रहे हैं, अब बसपा की ओर मुड़ सकते हैं। माधौगढ़ जैसे क्षेत्रों में जमीनी काम से पार्टी की स्थिति मजबूत होगी। कुल मिलाकर, बसपा 2027 के चुनाव को लेकर बेहद आक्रामक मुद्रा में है। आने वाले दिनों में और घोषणाएं होने की संभावना है, जो सियासी घमासान को और तेज कर देंगी।
Correspondent – Shanwaz Khan



