उत्तर प्रदेश के बरेली में फिर से आला हजरत खानदान सुर्खियों में है। मौलाना तौकीर रजा के बड़े भाई की बहू और इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) से जुड़ी सामाजिक कार्यकर्ता निदा खान ने खुद पर हमले का दावा करते हुए सनसनी फैला दी है। निदा ने आरोप लगाया है कि मंगलवार देर रात काले कपड़े पहने एक युवक उनके घर में घुस आया और जान से मारने की नीयत से उन पर चाकू से हमला करने की कोशिश की।
घटना बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। निदा खान के अनुसार, रात करीब नौ बजे एक अज्ञात युवक काले कपड़े और कंधे पर बैग लेकर उनके घर के अंदर दाखिल हुआ। वह सीढ़ियां चढ़कर सीधे पहली मंजिल तक पहुंच गया, जहां निदा मौजूद थीं। जब उन्होंने उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने बैग से चाकू निकालकर वार करने का प्रयास किया।
हमले के आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
निदा ने बताया कि घरवालों ने शोर मचाया, जिसके बाद युवक जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। पूरे घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग घर के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसकी फुटेज उन्होंने पुलिस को सौंप दी है। बारादरी थाने में दर्ज कराई एफआईआर में निदा ने अपने पति शीरान रजा और मौलाना तौकीर रजा से जुड़े लोगों को इस हमले के पीछे जिम्मेदार ठहराया है।
लगातार मिल रही थीं धमकियां
निदा खान का अपने पति से चल रहा विवाद पहले से अदालत में विचाराधीन है। उन्होंने दावा किया कि पिछले कई महीनों से उन्हें अज्ञात नंबरों से धमकियां मिल रही थीं और उनकी गाड़ी का पीछा भी किया जा रहा था। निदा का कहना है कि इस हमले के तार उन्हीं लोगों से जुड़े हैं जो उनके खिलाफ लगातार साजिशें रच रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
मौलाना तौकीर रजा पहले से जेल में बंद
गौरतलब है कि आईएमसी प्रमुख और आला हजरत खानदान के मौलाना तौकीर रजा खान इस समय जेल में बंद हैं। उन पर सितंबर में ‘आई लव मुहम्मद’ पोस्टर विवाद के दौरान भड़की हिंसा के मामले में संलिप्तता के आरोप लगे थे। तौकीर रजा अपने विवादित बयानों के कारण पहले भी सुर्खियों में रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि हमले के पीछे जो भी व्यक्ति या समूह शामिल होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Correspondent – Shanwaz Khan



