Friday, May 3, 2024
Homeटेक्नोलॉजीचीनी कंपनी शाओमी ने 900 वर्कर्स को निकाला, US में 32 हजार...

चीनी कंपनी शाओमी ने 900 वर्कर्स को निकाला, US में 32 हजार टेक वर्कर्स की जॉब गई

बिक्रमजीत सिंह, भोजपुरी लाइव, नई दिल्ली

चीन की स्मार्टफोन मैन्युफैक्चरर शाओमी (Xiaomi) ने 900 से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी की है। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी ने आर्थिक मंदी के बीच करीब 3% कर्मचारियों को निकाल दिया है। हालांकि Xiaomi ने इसकी पुष्टि नहीं की है। मंदी के डर से एपल और माइक्रोसॉफ्ट जैसी दिग्गज टेक कंपनियों ने भी छंटनी की है।

भारत में भी बीते दिनों कई स्टार्टअप्स ने कर्मचारियों को निकाला है। दरअसल, रूस-यूक्रेन जंग शुरू होने के बाद से ही दुनिया महंगाई का सामना कर रही है। खाने-पीने से लेकर अन्य कई चीजें महंगी हो गई हैं। महंगाई से निपटने के लिए रिजर्व बैंक ब्याज दरों में इजाफा कर रहे हैं, जिससे ग्रोथ कम होने का खतरा है। ग्रोथ प्रभावित होगी तो मंदी आ सकती है।

दुनिया की सबसे बड़ी इकोनॉमी वाला देश अमेरिका भी ग्रोथ की कमी और मंदी की आशंका से जूझ रहा है। यहां महंगाई 40 सालों के रिकॉर्ड स्तर पर है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या जिस तरह से ग्लोबल कंपनियां छंटनी कर रही हैं, वैसा ही भारत की बड़ी फर्म्स भी कर सकती हैं? क्या आने वाले दिनों में भारत में लोगों को रोजगार खोना पड़ेगा? अमेरिका में मंदी आई तो भारत पर कितना असर होगा?

तो चलिए इन सवालों के जवाब जानते हैं, लेकिन उससे पहले उन कंपनियों के बारे में जान लेते हैं जिन्होंने हाल-फिलहाल छंटनी की है:

32 हजार टेक वर्कर्स को जॉब से निकाला
पब्लिक और प्राइवेट कंपनियों से जुड़ी इन्फॉर्मेशन प्रोवाइड कराने वाले प्लेटफॉर्म क्रंचबेस के कंपाइल डेटा के मुताबिक, जुलाई तक अमेरिका में 32 हजार से ज्यादा टेक वर्कर्स को अपनी जॉब गंवानी पड़ी है। इम्प्लॉइज को निकालने वाली कंपनियों में माइक्रोसॉफ्ट और मेटा जैसी कंपनियां भी शामिल हैं।

वहीं, स्टार्टअप्स में छंटनी को ट्रैक करने वाली वेबसाइट layoffs.fyi के मुताबिक दुनियाभर में इस साल 1 अप्रैल से 342 टेक कंपनियों/स्टार्टअप्स के 43 हजार से ज्यादा कर्मचारियों को जॉब से निकाला जा चुका है।

फोटो सौजन्य: गूगल

एपल, माइक्रोसॉफ्ट में छंटनी
ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि टेक दिग्गज एपल ने बीते दिनों 100 कॉन्ट्रैक्ट बेस्ड इम्प्लॉइज को निकाल दिया। ये इम्प्लॉइज HR डिपार्टमेंट में थे और नए इम्प्लॉइज की भर्ती का काम इनके पास था। मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के अनुसार एपल ने खर्च को कंट्रोल करने के लिए ये फैसला लिया है।

रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि छंटनी की एक वजह एपल की मौजूदा बिजनेस जरूरतों में बदलाव भी है। इसके अलावा दूसरी कंपनियों की तरह एपल को भी मंदी का डर सता रहा है। बीते दिनों एपल ने अपनी अर्निंग्स कॉल में कहा था कि वह अपने खर्च को लेकर सतर्क है। इस बयान से ऐसा लगता है कि कंपनी कुछ कर्मचारियों को निकालकर पैसे बचाने की कोशिश कर रही है।

अभी हाल ही में गूगल ने कहा था कि वह हायरिंग प्रोसेस स्लो करने जा रही है। गूगल के CEO सुंदर पिचाई ने कहा था- कंपनी के पास बहुत कर्मचारी हैं, लेकिन काम काफी कम है। माइक्रोसॉफ्ट ने भी 2 हजार से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी की है। नेटफ्लिक्स, शॉपिफाई, कॉइनबेस और अलीबाबा जैसी कंपनियों ने भी कुछ हद तक कॉस्ट कटिंग के चलते कर्मचारियों को निकाला है।

गूगल का मुनाफा घटा
गूगल की पेरेंट कंपनी अल्फाबेट के मुनाफे में लगातार दूसरी तिमाही (Q2 2022) में गिरावट आई थी। अल्फाबेट ने 2022 की दूसरी तिमाही के दौरान लगभग 16 अरब डॉलर का प्रॉफिट कमाया, जो पिछले साल की इसी अवधि के दौरान 18.5 अरब डॉलर था।

कंपनी के मुनाफे में कमी का कारण उसका ज्यादा खर्च करना है। ऐसा इसलिए क्योंकि Q2 2021 की तुलना में Q2 2022 में कंपनी का रेवेन्यू बढ़ा है, लेकिन प्रॉफिट घटा है। इस तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू लगभग 69.7 अरब डॉलर रहा, जो पिछले साल के तीसरे क्वॉर्टर में 61.9 अरब डॉलर था।

2021 की तुलना में गूगल रिसर्च एंड डेवलपमेंट और सेल्स एंड मार्केटिंग दोनों पर लगभग 3 अरब डॉलर ज्यादा खर्च कर रहा है। हेडकाउंट की बात करें तो Q2 2021 में गूगल में 144,056 इम्पलॉई थे। Q2 2022 में यह संख्या बढ़कर 174,014 हो गई।

भारत पर फिलहाल असर नहीं
अमेरिका में मंदी के डर का असर भारत पर नहीं दिख रहा। भारत में जॉब ग्रोथ मजबूत बनी हुई है। एक रिपोर्ट के अनुसार 2021-22 में भारत में मार्केट कैपिटलाइजेशन के आधार पर टॉप 10 प्राइवेट कंपनियों में से 8 ने 3 लाख से ज्यादा लोगों को जॉब पर रखा। 2020-21 में ये संख्या केवल एक लाख के करीब थी। रिटेल, IT सर्विसेज और बैंकिंग एजुकेशन, टेलीकॉम, E-कॉमर्स, हेल्थकेयर, FMCG और एयरलाइंस में भी भर्ती में तेजी आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments